एटा: अजीबोगरीब मामला उत्तर प्रदेश के एटा जिले से सामने आया है। यहां एक दुल्हन से ब्याह रचाने के लिए दो दूल्हे पहुंच गए। दो-दो बरात देख गांव के लोग भी अचंभित रह गए। तो वहीं, एक दूल्हे के साथ वरमाला हुई तो दूसरा दूल्हा दुल्हन की विदाई करा ले गया। इतना सब कुछ होने के बाद हंगामा होना तो निश्चित ही था। दुल्हन की विदाई न होने से नाराज पहले दूल्हे के घरवालों ने पुलिस से शिकायत कर दी। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने लड़की के पिता और चाचा को हिरासत में लिया है। ये पूरा मामला एटा कोतवाली देहात के एक गांव का है। हिन्दुस्तान ऑनलाइन की खबर के मुताबिक, 3 जून, दिन गुरुवार को गांव में बारात आई थी। पहली बारात थाना अवागढ़ के गांव नरौरा से आई थी तो वहीं, दूसरी बारात थाना मिरहची के गांव जिन्हैरा से पहुंची।
एक दुल्हन की दो-दो बारात देख गांव वाले भी अचंभित हो गए। बताया जा रहा है कि पहली बारात लेकर आए दूल्हा से जयमाला तक पड़ चुकी थी, मगर बाद में दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। जिसके बाद दूसरी बारात लेकर पहुंचे दूल्हा के साथ दुल्हन की शादी कर दी गई। हंगामा के बाद सभी बाराती चले गए। वहीं, जिन्हैरा से बारात लेकर आया दूल्हा दुल्हन को लेकर चला गया। दुल्हन की विदाई होने से नाराज दूल्हा, उसके घरवालें घर के बजाए कोतवाली देहात पहुंच गए और अपने साथ हुए धोखे की शिकायत पुलिस से की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लड़की के पिता और चाचा को हिरासत में लिया है। दोनों पक्षों में बात चल रही है। चर्चा यह भी है कि लड़की के पिता ने दो जगहों से बेटी की शादी तय की थी। एसएचओ कोतवाली देहात प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। मामले में कुछ लोग कोतवाली देहात आए है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गांव में इस शादी को लेकर काफी चर्चा है। हर किसी के जुबां पर यह शादी है। कई लोगों ने बताया कि शादी करने वाली दुल्हन की उम्र भी काफी कम है। कई और भी लोगों से इसके परिजन शादी के नाम से ठगी कर चुके है। बहराल पुलिस की टीमें अभी इस मामले की जांच कर रही है।