नई दिल्ली: उमस और गर्मी झेल रहे दिल्ली का इंतजार आज खत्म हो सकता है क्योंकि आईएमडी के अनुमान के मुताबिक आज राजधानी में ‘मानसून’ दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को कहा था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून को राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंचने में “और 24 घंटे” लगेंगे इसलिए आज सभी दिल्लीवासियों को मानसून की फुहार का बेसब्री से इंतजार है। मालूम हो कि आम तौर पर दिल्ली में मानसून के पहुंचने की तारीख 29 जून होती है, लेकिन इस बार वहां पहुंचने में देर हो गई है, जिससे दिल्ली में उच्च गर्मी और उच्च आर्द्रता की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोग काफी परेशान है। दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तो वहीं रोहतक, गुड़गांव और भिवानी में अधिकतम तापमान क्रमशः 40.1 डिग्री सेल्सियस, 40.7 डिग्री सेल्सियस और 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के मुताबिक बंगाल की खड़ी से निकली नम हवाएं नार्थ-वेस्ट की ओर तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है ,आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों को आज कवर करने की संभावना है। मानसून के कारण अगले तीन-चार दिनों तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, बंगाल में बारिश हो सकती है तो वहीं आज हिमाचल, झारखंड-बिहार में अच्छी-खासी बारिश हुई है।
तो वहीं दक्षिण में, केरल के कन्नूर और कासरगोड जिलों में आज भारी वर्ष का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। तेलंगाना, ओडिशा , गोवा , महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और मराठवाड़ा में बारिश होने की संभावना दिख रही है। मानसून हिंद-अरब सागर की ओर से भारत के साउथ-वेस्ट कोस्ट पर आनी वाली हवाओं को कहते हैं जो भारत में बरसात कराती हैं। ये ऐसी मौसमी पवन होती हैं, जो दक्षिणी एशिया क्षेत्र में जून से सितंबर तक, केवल 4 महीने एक्टिव रहती हैं। हाइड्रोलोजी में मानसून का मतलब है- ऐसी हवा जो बारिश कराए।