सहारनपुर। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मंगलवार को देवबंद के देवीकुंड रोड स्थित महाकालेश्वर ज्ञान आश्रम पहुंचे और आश्रम के अधिष्ठाता स्वामी ब्रहमानंद सरस्वती के निधन पर शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय ध्यानगुरू स्वामी दीपांकर महाराज से एकांत में कुछ गोपनीय वार्ता भी की।
मंगलवार दोपहर बाद स्वतंत्र देव सिंह महाकालेश्वर आश्रम पहुंचे। जहां उनकी अगवानी अंतर्राष्ट्रीय ध्यान गुरू स्वामी दीपांकर महाराज ने की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गुरुदेव ब्रह्मानंद सरस्वती जी का हमारे बीच से चले जाना हिंदू समाज के लिए बड़ी क्षति है। कहा कि गुरुजी का जीवन गौ रक्षा और हिंदुत्व की रक्षा के लिए समर्पित था। वह पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेंगे।
स्वामी दीपांकर महाराज ने बताया कि दिवंगत स्वामी जी कई वर्षों तक श्रीराम जन्म भूमि आंदोलन में भागीदार रहे और उनके आरएसएस, विहिप व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से घनिष्ट संबंध रहे हैं। समाज के लिए किया गया स्वामी जी का बलिदान व त्याग हमेशा याद किया जाता रहेगा।
इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, क्षेत्रीय विधायक बृजेश सिंह, रामपुर विधायक देवेंद्र निम, गंगोह विधायक कीरत सिंह, शामली विधायक तेजेंद्र निरवाल, देवव्रत त्यागी, रोहन त्यागी, युवा मोर्चा जिला महामंत्री अभिषेक त्यागी, शिवराज सिंह रोड, जिला कोपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौ. राजपाल सिंह, डा. पवन सवई, नगर महामंत्री अरुण गुप्ता, विनय कुच्छल, विपिन भारतीय, रोहित कौशिक, ईशान गौड, राहुल वाल्मीकि, हिमांशु भारद्वाज, पं. बसंत शर्मा, मनीष त्यागी, विनोदानंद सरस्वती, श्यामानंद सरस्वती आदि मौजूद रहे।