नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में 12 साल की बच्ची के साथ बलात्कार का मामला सामने आया है। पुलिस ने बलात्कार के आरोप में एक मौलवी को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, ये घटना रविवार की बताई जा रही है, जहां उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में 48 साल के मौलवी ने मस्जिद के अंदर एक 12 साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर रेप किया।
पुलिस ने आरोपी को गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी राजस्थान के भरतपुर जिले का रहने वाला है। इसके अलावा शादीशुदा है और उसके चार बच्चे हैं। पुलिस ने मौलवी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 376 [बलात्कार] और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने मौलवी को अदालत में पेश किया, जहां उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार शाम की है जब 12 साल की बच्ची मस्जिद में पानी लेने गई थी। घर लौटने के बाद लड़की ने अपने माता-पिता को आपबीती सुनाई। रविवार रात लड़की के माता-पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो मामला दर्ज किया गया। उन्होंने मौलवी पर यौन शोषण का आरोप लगाया। लड़की के माता-पिता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनकी बेटी पानी लेने मस्जिद में गई थी, जब मौलवी ने उसके साथ कथित तौर पर बलात्कार किया।
