UP Violence उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुई हिंसा के बाद शनिवार को शरारती तत्वों ने फिर से माहौल गर्म कर हिंसा भड़काने का प्रयास किया। कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने प्रयागराज के एक शिव मंदिर की जाली तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और शिवलिंग पर अंडा रख दिया। आज सुबह पुजारी ने जब यह देखा तो दंग रह गया। क्षेत्र के लोगों ने अंडा हटाकर मंदिर को साफ किया।
UP Violence

प्रयागराज के शिवकुटी स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर के पुजारी आज सुबह जब मंदिर खोलने पहुंचे तो वहां शिवलिंग पर अंडा रखा देख दंग रह गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी क्षेत्र के लोगों को दी, जिसके बाद मंदिर में भीड़ जमा हो गई। पुजारी ने बताया कि अंडा रात में रखा गया है। मंदिर की छह फीट ऊंची जाली को फांदकर कोई अंडा रख गया। बाद में अंडा हटा दिया गया और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुजारी ने बताया कि मंदिर में ताला बंद नहीं होता। माहौल खराब करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
इसके अलावा शुक्रवार को हुए उपद्रव के मामले में प्रयागराज पुलिस ने शनिवार की दोपहर तक 37 को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार को जुमे के नमाज के बाद हुए उपद्रव को लेकर शनिवार की सुबह से ही अधिकारियों ने डेरा जमा लिया है। पुलिस बल के साथ ही मुस्तैदी से गस्त करने में जुटे हैं। प्रयागराज के जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री कहते हैं कि यह सोची समझी शरारत है। साजिश के तहत यह उपद्रव हुआ है।
उन्होंने कहा कि बवाल को लेकर साजिश रचने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। अब हालात पूरी तरह से नियंत्रण में है। उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें चिह्नित करके गिरफ्तार करके गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। इसके साथ ही अफवाहों पर कोई व्यक्ति ध्यान न दें। प्रयागराज में कर्फ्यू नहीं लगा है और धारा 144 पहले से लगा है।